रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा के प्रदर्शन को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आज बुधवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दावा किया कि भाजपा के प्रदर्शन की आड़ में कांग्रेस मुख्यालय पर सुनियोजित हमला किया गया।
यह तस्वीर आज दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय का घेराव किये जाने के दौरान ली गयी है।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर, पानी की बोतलें और लाठियां फेंकीं। पार्टी का यह भी दावा है कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस के अनुसार, इस घटना में उसकी एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता, जिनमें महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं, घायल हुए हैं।
सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन में राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल थे। उन्होंने कहा कि जिन मंत्रियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है, वही विपक्षी दल के कार्यालय तक पहुंचे। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए राज्यपाल से संबंधित मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम राहुल गांधी के नेतृत्व में नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया के रूप में सामने आया। पार्टी ने कहा कि वह इस घटना की कड़ी निंदा करती है।
पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, अजय साहू, वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह, मीडिया कोऑर्डिनेटर सौरभ साहू और ऋषभ चंद्राकर भी मौजूद रहे।
नोट: यह कांग्रेस द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाए गए आरोप हैं। इन आरोपों पर भाजपा और पुलिस का पक्ष इस प्रेस विज्ञप्ति में उपलब्ध नहीं है।
