बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के बिलासपुर मंडल में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित हेल्थ केयर कमेटी की पहली बैठक बुधवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) जे. एस. मीना ने की।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पूनम चौधरी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) अरविंद विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मान्यता प्राप्त एसईसीआरएमसी के समन्वयक विजय अग्निहोत्री तथा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता अभियान और विशेष चिकित्सा शिविरों के आयोजन की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों की नियमित आपूर्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, आपातकालीन सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा कर्मचारी हित से जुड़े विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई।
अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना ने अधिकारियों को कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और कर्मचारी हितैषी बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

