रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन 'निश्चय' के तहत गोबरा नवापारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 550 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा बिक्री की नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि शीतला पारा, नवापारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास कुछ लोग अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना गोबरा नवापारा पुलिस, साइबर टीम और गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, मौके से ईशाक रिजवी (26), सोमनाथ साहू (27) और निखिल साहू (21) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक कैरी बैग में रखे 550 ग्राम गांजा, कथित बिक्री के 2,000 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 59,500 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरा नवापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर, नवा रायपुर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में की गई। मामले की जांच जारी है।

