जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़ / चांपा पुलिस ने ट्रकों से डीजल चोरी के मामले में करीब 10 महीने से फरार चल रहे आरोपी चालक को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि आशीर्वाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कंपनी के दो ट्रक 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन दोनों वाहनों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली, जबकि दोनों चालकों के मोबाइल फोन बंद थे।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को मौके पर पहुंचने पर दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे मिले। ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये बताई गई, गायब था। इसके अलावा ट्रकों के टायर भी बदले हुए पाए गए। मामले में थाना चांपा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रंजीत सिंह (55), निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब), अपने गृह क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम पंजाब पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी राजू सिंह (26) की मृत्यु हो चुकी है, जिसकी पुष्टि जांच के दौरान हुई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर और आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

