Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री साय

अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से मिले मुख्यमंत्री

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है तथा अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि लोगों की सेवा का अवसर समाज के विश्वास और ईश्वर के आशीर्वाद के समान है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना से प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।

इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

सौजन्य मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों में सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा