बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम की टीम ने भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट में कार्रवाई करते हुए 11 सागौन के लट्ठे बरामद किए हैं। वन विकास निगम के अनुसार, लकड़ी की कथित तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वन विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक पिकअप और मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। जांच में दोनों वाहनों से 11 सागौन के लट्ठे बरामद होने का दावा किया गया।
वन विकास निगम के मुताबिक, इस मामले में नीलकुमार घृतलहरे (ग्राम बंधा), ललित साहू (ग्राम राजपुर), लालसिंह यादव (ग्राम छनाडोंगरी, कथाकोनी) और दुर्गेश पाली (ग्राम छनाडोंगरी) को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 32(ए) और 32(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विकास निगम ने बताया कि यह अभियान क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया। निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना की है।

