बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मल्हार थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बैटरी निवासी हनुमान प्रसाद वर्मा ने 13 जुलाई को थाना मल्हार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के ही निवासी लेख राम कौशिक ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनके घर के सामने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी लेख राम कौशिक (24 वर्ष), निवासी ग्राम बैटरी, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया से अवगत कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

