Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कोविड में पैरोल पर छूटा हत्यारा, 5 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, अब गिरफ्तार

ठिकाने बदल-बदलकर छिप रहा था हत्या का आरोपी, पुलिस ने बसना से किया गिरफ्तार

हत्या के एक मामले में कोविड-19 के दौरान पैरोल पर रिहा होकर पांच साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था, जिसे मुखबिर की सूचना पर बसना से दबोचा गया।
रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /   हत्या के मामले में सजा काट रहा एक आरोपी कोविड-19 के दौरान पैरोल पर जेल से बाहर आया और फिर पांच साल तक फरार रहा। रायपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना सरस्वती नगर में वर्ष 2012 में दर्ज हत्या के मामले (धारा 302, 307, 506, 34, 147 और 148 भादवि.) का आरोपी सोहेल उर्फ जिमी (38) अंबिकापुर केंद्रीय जेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था।

वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान शासन के निर्देश पर उसे अस्थायी पैरोल पर रिहा किया गया था। हालांकि, पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरस्वती नगर थाना पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 9 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसना क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बसना पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजीत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजीत सिंह सेंगर और रामकुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा