Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नीट पेपर लीक के विरोध में रैली, परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरे छात्र

शनिवार को युवाओं और नागरिकों ने नीट पेपर लीक मामले तथा दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और एनटीए को भंग करने की मांग उठाई।
बिलासपुर। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं नागरिकों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिलासपुर में युवाओं और जागरूक नागरिकों ने विरोध रैली निकाली। रैली गांधी चौक से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए देवकीनंदन चौक तक पहुंची।

आयोजकों के अनुसार, रैली की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद रैली गांधी चौक से जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली, गोलबाजार और सदर बाजार होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंची। आयोजकों का कहना है कि यहां पुलिस प्रशासन ने आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के अनुरोध पर प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान गाकर रैली का समापन किया।

रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार की परीक्षा नीतियों के विरोध में नारे लगाए और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग की। साथ ही, छात्र आंदोलन से जुड़े सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए गए।

आयोजकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक आंदोलन जारी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि 26 जुलाई को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी की जा रही है।

कार्यक्रम में नन्द कश्यप,प्रथमेश मिश्रा, प्रियंका शुक्ला अधिवक्ता, कुणाल रामटेके, प्रशांत ठाकुर, शशांक देवांगन, सूर्या शर्मा, अकरम, राज़िक अली, सूरज साहू, लोकेश उइके, पूजा उइके, रजनीश श्रीवास्तव, आदर्श, प्रज्ञा मेश्राम, विवेक यादव, परदेसी रात्रे, छोटू ध्रुव, जैरी हेनरी, खालिद खान, सज्जू खान, जसबीर सिंह चावला, असीम तिवारी, कमलेश लौहरात्रे, सचिन शर्मा समेत रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के नागरिक शामिल हुए। आयोजकों का दावा है कि रैली मार्ग पर स्थानीय लोगों ने भी बाहर आकर प्रदर्शन का समर्थन किया।  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा