Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सूरजपुर में पुलिस टीम पर हमला, डीएसपी समेत कई जवान घायल

प्रतापपुर में पुलिस-ग्रामीण टकराव, हालात तनावपूर्ण

सूरजपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में शुक्रवार को वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना में डीएसपी समेत करीब 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस की एक टीम हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गिरफ्तारी का विरोध किया और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पुलिस दल पर हमला किया। इस दौरान पुलिस की पांच बसों और अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, हालात को नियंत्रित करने के लिए सरगुजा संभाग से 400 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत वाटर कैनन और आंसू गैस से लैस पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा