बैकुंठपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका की आत्महत्या के चर्चित मामले में फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे (आईपीएस) ने आरोपियों की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को पुलिस लाइन बैकुंठपुर निवासी शिवनाथ पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी पूजा पैकरा पर आईसी मार्ट में चोरी का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने उससे ₹50 हजार की मांग की, उसकी स्कूटी छीन ली और लगातार प्रताड़ित किया। मानसिक रूप से परेशान होकर बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 107, 308(2), 309(4), 296 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्ही) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस ने इस मामले में विनोद बैद (50), जगत कुमार बैद (55) और दीपक बैद (30) को आरोपी बनाया है। तीनों कुमार चौक, बैकुंठपुर के निवासी हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले को ₹5 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

.jpeg)