रायपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.180 किलोग्राम गांजे के साथ ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2.09 लाख रुपये कीमत का गांजा और नकदी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि पंडरी थाना क्षेत्र के कापा स्थित मालधक्का रोड के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
बैग से मिला 4.180 किलो गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मानस रंजन नाग (28) निवासी जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया। वर्तमान में वह रायपुर के लोधीपारा क्षेत्र में रह रहा था।
तलाशी लेने पर उसके बैग से 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ 500 रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2,09,500 रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंडरी थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(b) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
रायपुर पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नोट: यह समाचार रायपुर पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

.jpeg)