Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पेट्रोल छिड़ककर ढाबा संचालक की हत्या का प्रयास, छह आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी दिखाने से शुरू हुआ विवाद, ढाबा मालिक को जिंदा जलाने की कोशिश

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना पुलिस ने ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर हत्या का प्रयास करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, अन्य सामग्री और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, भूण्डा निवासी इस्माइल खान उर्फ सोनू (31) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई को आरोपी संकेत जायसवाल अपने दो साथियों के साथ उसके ढाबे में खाना खाने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ लौटकर यह कहते हुए सीसीटीवी फुटेज देखने लगा कि उसका मोबाइल ढाबे में छूट गया है। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद मोबाइल नहीं मिलने पर आरोपियों ने ढाबे के मिस्त्री के साथ मारपीट कर दी, जिसे कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर शांत कराया।

इसके बाद 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे आरोपी फिर चार अन्य साथियों के साथ ढाबे पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया। आरोपियों ने बटनदार चाकू और अन्य हथियार दिखाकर दहशत भी फैलाई।

प्रार्थी की शिकायत पर सकरी थाना में बीएनएस की धाराओं 191(2), 296, 115(2), 351(3), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, अन्य वस्तुएं और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा