Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

डॉ. ममता साहू ने संभाली राज्य महिला आयोग की कमान

महिलाओं के अधिकारों की रक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नियुक्त डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। शास्त्री चौक स्थित आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यभार संभालते हुए महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. साहू ने आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और सभी से समर्पण, पारदर्शिता तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने आयोग के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

अपने संबोधन में डॉ. ममता साहू ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाएगा और उन्हें सामाजिक, कानूनी तथा प्रशासनिक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव, दुर्गेश राव, श्रीमती रजनी शेंगडे, जितेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, श्रीमती सीमा डहरिया, गीतेश साहू सहित आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा