Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्क्रैप कॉपर वायर चोरी मामले में खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में

मुख्य आरोपी के बाद खरीदार भी पहुंचा जेल

जांजगीर-चांपा।  TODAY छत्तीसगढ़  / चांपा थाना पुलिस ने चोरी के स्क्रैप कॉपर वायर खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में चोरी करने के आरोप में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, महामाया मोटर्स, चांपा के प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल ने 19 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि वाहन रिपेयरिंग संस्थान में स्टॉक जांच के दौरान लगभग 30 से 35 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर वायर गायब मिला, जिसकी कीमत करीब ₹20,000 आंकी गई। शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीन युवक संस्थान की बाउंड्री फांदकर अंदर प्रवेश करते और कॉपर वायर ले जाते दिखाई दिए। इस आधार पर थाना चांपा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बिरजू सूर्यवंशी (28) निवासी हथनेवरा, थाना चांपा को चोरी के आरोप में 20 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

आगे की विवेचना में पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में योगेश्वर कुमार साहू (34) निवासी जर्वे (च), थाना जांजगीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से चोरी के 10 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर वायर को ₹6,000 में खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 303(ए) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक गोपी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा की टीम शामिल रही।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा