Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नई आपराधिक कानूनों के लिए पुलिस को मिला डिजिटल हथियार

तकनीक से होगी वैज्ञानिक विवेचना, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने 150 विवेचकों को सौंपे स्मार्ट मोबाइल

राजनांदगांव पुलिस ने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के 150 विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल वितरित किए हैं। इन मोबाइलों की मदद से डिजिटल साक्ष्य संकलन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और तकनीक आधारित वैज्ञानिक विवेचना को बढ़ावा मिलेगा।
राजनांदगांव ।  TODAY छत्तीसगढ़  / नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी और तकनीक आधारित क्रियान्वयन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए स्मार्ट मोबाइल शनिवार को राजनांदगांव पुलिस कार्यालय में जिले के 150 विवेचकों को वितरित किए गए।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) ने विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल सौंपते हुए कहा कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में तकनीक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, विभिन्न पुलिस एप्लिकेशन के उपयोग तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान के माध्यम से जांच को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों को निर्देश दिए कि स्मार्ट मोबाइल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए करें तथा नवीन कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और वैज्ञानिक विवेचना सुनिश्चित करें। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के समुचित संकलन और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, उप पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम सहित जिले के सभी विवेचक उपस्थित रहे। विवेचकों ने पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट मोबाइल से विवेचना कार्य अधिक सरल, तेज और प्रभावी होगा तथा शासकीय कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी। 

राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीक आधारित विवेचना और नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रतिबद्ध है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा