रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ में खतरनाक बाइक स्टंट करना पांच युवकों को महंगा पड़ गया। मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर बाइक स्टंट कर वीडियो बनाने वाले युवकों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान काटा और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया था कि मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर पाइप लाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक स्टंट कर रहे हैं। स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वहां बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ जुटने लगी थी, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बन गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह एवं थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्थल पर अवरोधक लगाए और क्षेत्र में निगरानी एवं पेट्रोलिंग बढ़ा दी।
पुलिस की सख्ती के बावजूद पांच युवक दोबारा उसी स्थान पर स्टंट करने पहुंच गए। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़कर एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान एसएसपी ने युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या अधिक व्यूज पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक कृत्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही भविष्य में स्टंटबाजी रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाने की बात भी कही गई।
डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
