Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नशा मुक्त सप्ताह का समापन; जिले के सभी थानों में चला पुलिस का 'चेतना अभियान'

नशा मुक्त बिलासपुर की ओर क़दम: पुलिस ने युवाओं और महिलाओं के साथ मिलकर निकाली जागरूकता रैली


TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर ज़िले में शुक्रवार (26 जून) को 'अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस' के मौक़े पर पुलिस प्रशासन ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया. नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से ज़िले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस ने आम जनता के साथ मिलकर नशा विरोधी रैलियां निकालीं.

'चेतना अभियान' के तहत कार्यक्रमों का आयोजन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भारत सरकार के निर्देश पर 17 जून से 26 जून तक 'नशा मुक्त भारत सप्ताह' मनाया जा रहा था. इसी कड़ी में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में ज़िले में 'चेतना अभियान' चलाया जा रहा है. 

आज इस सप्ताह के अंतिम दिन सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चों को संभालते हुए इन जागरूकता कार्यक्रमों का नेतृत्व किया. 

युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान

पुलिस प्रशासन ने इन रैलियों में युवाओं, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से शामिल किया. जागरूकता: कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.

पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे ख़ुद को और अपने परिवार को नशे से दूर रखें. साथ ही, क़ानूनी कार्रवाइयों के अलावा सामाजिक स्तर पर भी पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया, ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके.

इस वृहद आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक देवेश सिंह, रवींद्र अनंत और नीलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. 




© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com