बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 स्थित नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इरफान खान उर्फ बघीरा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। शव के पास खून से सने दो बड़े सीमेंट के पोलनुमा पत्थर मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सिर और चेहरे पर पत्थरों से वार कर उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस, डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वारदात देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई प्रतीत होती है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का क्षेत्र के दो सगे भाइयों से परिचय था। घटना से पहले तीनों कथित रूप से साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने मिलकर इरफान पर हमला किया और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले में पुलिस ने संदिग्ध आरोपी नईम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसके भाई की तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेष सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस मृतक के दोस्तों, परिचितों और परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि हत्या केवल तत्काल हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा अन्य कारण भी थे। रिहायशी इलाके में हुई इस हत्या से नयापारा गणेश नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे रहे और घटना को लेकर चर्चा का दौर चलता रहा।
फिलहाल सिरगिट्टी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
