रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने 15.431 किलोग्राम गांजा जब्त करने और एक कथित अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस मामले में एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके साथ मौजूद एक नाबालिग बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के पास कुछ लोगों के बड़ी मात्रा में गांजा लेकर मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 15.431 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गिरफ्तार दंपति ने बताया कि उनके साथ मौजूद नाबालिग उनकी रिश्तेदार नहीं है। आरोप है कि पुलिस जांच के दौरान संदेह से बचने के लिए उसे परिवार का सदस्य बताकर साथ रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसराज (38) और उनकी पत्नी सोनिया गुज्जर उर्फ सोनू (27) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रह रहे थे। नाबालिग की पहचान किशोर न्याय अधिनियम के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। मामले में संभावित अंतर्राज्यीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

