गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में पिछले महीने हुए बहुचर्चित ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 14 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पेशेवर शूटरों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में बिहार और झारखंड तक फैले अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी खुफिया तंत्र (TechINT) और मानवीय सूचना तंत्र (HumINT) की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई हाल के वर्षों में क्षेत्र की सबसे बड़ी और चुनौतीपूर्ण जांचों में से एक रही।
लूट का विरोध करने पर मारी थी गोली
जानकारी के अनुसार 26 मई की शाम करीब सात बजे ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में अपनी दुकान समेटकर घर लौट रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग था।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर बैग लूटने का प्रयास किया। प्रदीप सोनी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने नजदीक से गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पेट्रोलिंग टीम उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई राज्यों में फैला था जांच का दायरा
घटना के बाद जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए विशेष जांच दल का गठन किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस को जांच में बिहार और झारखंड से जुड़े आपराधिक नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पेशेवर शूटर भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में घटना को अंजाम देने वाले पेशेवर शूटर भी शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
