बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / कोटा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने लगातार तलाश के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 4 जून को प्रार्थी आलोक सिंह ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल फोर सीजन के आगे कच्चे मार्ग पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और निखिल गोस्वामी को घेर लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य आरोपी दीपक दास उर्फ भोला ने पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। जब पुलिस और साथी मौके पर पहुंचे तो निखिल गोस्वामी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। आरोपियों ने उसके सिर पर बड़े पत्थर से वार कर उसे बुरी तरह कुचल दिया था। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 11 जून को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी (26), निखिल राव उर्फ निक्कू (24), करण दास मानिकपुरी (24) और कुश साहू उर्फ बुतरू (26) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे चरित्र शंका का विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
