Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मेरठ से आए चोरों ने मचाई सनसनी, पुलिस ने ऐसे दबोचा पूरा गैंग

गहने बेचकर बांट लिए पैसे, लेकिन पुलिस के जाल से नहीं बच पाए आरोपी

भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  / नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में लाखों रुपये के सोना, हीरा, चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन, वाहन तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 4 मई 2026 को परिवार सहित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर गए थे। अगले दिन लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अलमारी के लॉकर भी क्षतिग्रस्त पाए गए। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर घर से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण और करीब 3.40 लाख रुपये नगद लेकर फरार हो गए थे।

शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि चोरी किए गए आभूषणों को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेच दिया गया था तथा प्राप्त रकम आपस में बांट ली गई थी।

पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हारिम, मोहम्मद नासिर हुसैन, मोहम्मद कासिम, सलीम, मोहम्मद बिलाल और दिन मोहम्मद शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com