बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी जुनापारा के ग्राम बांसाझाल भाठाखार स्थित खेत में मिले भुवन सिंह ध्रुव के शव मामले में बिलासपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि खेत बिक्री से मिले पैसों की लालच में मृतक के पुराने दोस्त ने ही उसकी हत्या कर दी थी।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत आरोपी अशोक श्रीवास को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयूलिका सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी जुनापारा और थाना रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मनपहरी निवासी 45 वर्षीय अशोक श्रीवास मृतक भुवन सिंह ध्रुव को पिछले 10 से 15 वर्षों से जानता था। कुछ समय पूर्व भुवन सिंह ने अपनी कृषि भूमि बेचकर बड़ी रकम प्राप्त की थी। इसकी जानकारी आरोपी को लग गई थी, जिसके बाद उसने मृतक के साथ मेलजोल बढ़ाना शुरू कर दिया।
शराब पिलाकर सुनसान जगह ले गया
जांच में सामने आया कि 13 जून 2026 को आरोपी अपने ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 से भुवन सिंह को साथ लेकर निकला। रास्ते में उसने उसे शराब पिलाई और लगातार रुपयों की मांग करता रहा। जब उसे लगा कि भुवन सिंह पूरी तरह नशे में है, तब वह उसे बांसाझाल क्षेत्र के सुनसान खेतों की ओर ले गया।
वहां भी रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने पहले पत्थर से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद हत्या की नीयत से करीब तीन से चार किलो वजनी पत्थर को मृतक के सीने पर कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक के पास रखी नकदी लेकर अपने गांव मनपहरी लौट गया।
सीसीटीवी और गवाहों से मिला सुराग
हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और अनेक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक से लूटे गए 41,500 रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त पत्थर तथा घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 बरामद किया है।
लालच बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी अशोक श्रीवास नशे का आदी था और भुवन सिंह के पास खेत बिक्री से मिली रकम होने की जानकारी के कारण उसके मन में लालच पैदा हो गया था। इसी लालच में उसने सुनियोजित तरीके से अपने दोस्त की हत्या कर दी।
लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने 20 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
