बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून की पढ़ाई कर रहे एक छात्र पर ब्लेड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, साहिल बर्मन सोमवार को कोसलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते समय जवाली पुल के पास उसकी मुलाकात समीर नाम के युवक से हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान समीर ने साहिल को जान से मारने की धमकी दी और उसकी गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया।
हमले में घायल साहिल ने अपने साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र का बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
