सारंगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम मंडलपारा में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक को बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में उसके दो सगे भाइयों और भाभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नितेश कुमार बनज (28 वर्ष) निवासी मंडलपारा, कोसीर के रूप में हुई है। बताया गया कि पिता की मृत्यु के बाद खाते में आई राशि के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते बड़े भाई रोशन बनज, दूसरे भाई सतीश चंद्र बनज और भाभी अश्विनी बनज ने नितेश को मानसिक रूप से बीमार बताकर पिछले दो महीनों से घर के एक कमरे में हाथ-पैर में जंजीर और ताला लगाकर बंद कर रखा था।
परिजनों पर आरोप है कि खाना मांगने पर मृतक के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी। 21 मई को दोपहर करीब 12 बजे नितेश ने कमरे की खिड़की में चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आरोपी सतीशचंद्र बनज ने थाना कोसीर पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक को जंजीरों से बांधकर रखने और प्रताड़ित करने के साक्ष्य मिले। पुलिस ने पाया कि लगातार मिल रही शारीरिक और मानसिक यातनाओं से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर कोसीर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
