राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के गांधी चौक क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बल्देवबाग निवासी अनूप यादव उर्फ मुंडू (29 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 24-25 अप्रैल की दरम्यानी रात अपने मित्र शोएब खान का जन्मदिन मनाने गांधी चौक गया था। केक काटने के बाद सभी लोग जश्न मना रहे थे, तभी वहां मौजूद राकेश सोनी उर्फ तुफान का किसी बात को लेकर महमूद अली से विवाद हो गया।
अनूप यादव ने दोनों के बीच समझाइश देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी बात से नाराज होकर राकेश सोनी उर्फ तुफान और उसके साथी राकेश श्रीवास ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके गले पर वार करने की कोशिश की, जिसे उसने हाथ से रोक लिया। इस दौरान उसके अंगूठे और उंगलियों के बीच गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। पीड़ित के अनुसार, यदि वह वार नहीं रोकता तो उसकी जान जा सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राकेश श्रीवास (43 वर्ष) निवासी गौशाला मार्केट गांधी चौक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी राकेश सोनी उर्फ तुफान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान थाने का सूचीबद्ध गुंडा है और घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास के खिलाफ पूर्व में जुआ, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रार्थी अनूप यादव के विरुद्ध भी विभिन्न थानों में मारपीट, आबकारी और जुआ एक्ट सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
