रायगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के तमनार क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के तहत की गई।
पीड़िता (33 वर्ष) ने 23 अप्रैल को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से आरोपी लखन कुमार पटनायक (37 वर्ष) निवासी भिलाईनगर, जिला दुर्ग से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे में जेई (Junior Engineer) बताकर विवाह का भरोसा दिलाया और लगातार संपर्क में रहा।
पीड़िता के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा, परिजनों के घर पर नहीं होने का फायदा उठाया और शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार विवाह का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता के परिजनों ने सगाई और शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी टालमटोल करने लगा, सामाजिक विवाह से इंकार कर कोर्ट मैरिज की बात करने लगा। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन देने के बाद आरोपी ने संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया और बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
