रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित नवकार अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, संतोषी नगर के शिव नगर निवासी यास्मिन ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे रिंग रोड स्थित नवकार अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और उन्होंने पति इरशाद व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि यास्मिन के साथ लंबे समय से मारपीट की जा रही थी और घटना वाले दिन भी घर में विवाद हुआ था।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि महिला की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फांसी पर लटकाया गया। इसी आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई इस मारपीट से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के गंभीर रूप लेने और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की चुनौती को उजागर करती है।
