Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ऑनलाइन तस्वीरों से बनाए गए फर्जी प्रोफाइल, मैरिज ब्यूरो पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, 2000 से ज्यादा तस्वीरों का इस्तेमाल


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव ज़िले में पुलिस ने एक कथित फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा किया है, जो युवकों को शादी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूल रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंटरनेट और सोशल मीडिया से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर उनके नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे।

पुलिस ने इस मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) के रूप में हुई है। दोनों पर ‘लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो’ नाम से यह काम करने का आरोप है। यह मामला उस समय सामने आया जब ज़िले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को एक गुमनाम शिकायत मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक मैरिज ब्यूरो के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई और बसंतपुर थाना क्षेत्र में छापा मारा गया। इस दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में बड़ी संख्या में युवतियों की तस्वीरें मिलीं। जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास 2286 से अधिक तस्वीरें थीं, जिन्हें कथित तौर पर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से डाउनलोड किया गया था। इन तस्वीरों का इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने के लिए किया जाता था।

पुलिस का कहना है कि इन प्रोफाइल के जरिए युवकों से संपर्क किया जाता था और उन्हें मुलाकात तय कराने या शादी कराने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बदले उनसे पैसे लिए जाते थे। फिलहाल, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा