बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा बीट व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थानों में इस अभियान को लागू किया गया है।
इसी क्रम में थाना सरकंडा क्षेत्र के अंबा कॉलोनी में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, असामाजिक गतिविधियों, यातायात समस्याओं और अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें, आम जनता से संवाद बढ़ाएं और सूचना तंत्र को मजबूत करें। साथ ही, स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
