Slider

रमजान में रोजेदार कर्मचारियों को राहत, एक घंटे पहले घर जा सकेंगे

इफ्तार और नमाज की सुविधा को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार का निर्णय


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / पवित्र रमजान माह की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने मुस्लिम अधिकारी और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने रोजा रखने वाले कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय से एक घंटे पहले घर जाने की अनुमति देने का फैसला किया है, ताकि वे इफ्तार और नमाज की तैयारी समय पर कर सकें।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य रमजान के दौरान रोजेदारों को उनकी धार्मिक जिम्मेदारियां निभाने में सहूलियत देना है। रमजान इस्लाम धर्म में इबादत, संयम और आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण महीना माना जाता है। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग दिनभर रोजा रखते हैं और सूर्यास्त के समय इफ्तार कर रोजा खोलते हैं। ऐसे में कार्यालय से एक घंटे पहले छुट्टी मिलने से कर्मचारी अपने परिवार के साथ इफ्तार में शामिल हो सकेंगे और नमाज अदा कर सकेंगे।

राज्य सरकार के इस फैसले का छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने स्वागत किया है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि सरकार सभी धर्मों और समुदायों की आस्था का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के दौरान अपनी धार्मिक जिम्मेदारियां निभाने में सुविधा मिलेगी। सरकार के इस फैसले को मुस्लिम समाज के बीच सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com