बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा का नाम बदलने और कथित नए कानून के विरोध में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और शहर व ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को बिलासपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। ‘मनरेगा बचाव संग्राम’ के तहत नेहरू चौक पर सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। कलेक्ट्रेट तक पहुंचने में असफल रहने पर कांग्रेस नेताओं ने बैरिकेडिंग स्थल पर ही जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के कारण कांग्रेसी कलेक्ट्रेट का घेराव नहीं कर सके। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि बीजेपी सरकार गांधी नाम से डरती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर करने की साजिश कर रही है और नया कानून लागू कर ग्रामीण मजदूरों के हितों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि कथित काला कानून तत्काल वापस लिया जाए और मनरेगा व्यवस्था को पहले की तरह मजबूत किया जाए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण परिवारों की आजीविका का अहम आधार है। इसके कमजोर होने से मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, पंकज सिंह, समीर अहमद बबला, अंकित गौरहा, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व सांसद ईग्रीड मैकलाउड, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा प्रमोद नायक, राजेंद्र शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप, आशीष सिंह, रविंद्र सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा धूतेश, संतोष गर्ग, साकेत मिश्रा, तज्जमुल हक, हितेश देवांगन, गीतांजलि कौशिक, लक्ष्मीनाथ साहू, सुभाष अग्रवाल, अभ्युदय तिवारी, अरुण त्रिवेदी, बंटी बैसवाड़े, अश्वनी उद्देश्य, शैलेन्द्र निर्मलकर, धनंजय सिंह, विमल अग्रवाल, ब्रह्मदेव सिंह, शहनवाज खान, गौरव दुबे, बिहारी देवांगन, शहजादा खान, भावेंद्र गंगोत्री, अर्पित केशरवानी, जयपाल निर्मलकर, शोहराब खान, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रंजित सिंह, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजू यादव, सुनील पटेल, विक्की यादव और अजय यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


