Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

BILASPUR POLICE : प्रतिबंधित नशे की दवाइयों के साथ पकड़ा गया सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विक्रांत


 बिलासपुर / 
TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ सरकार की मंशानुरूप राज्य की पुलिस नशे के अवैध कारोबार और छोटे-बड़े कारोबारियों पर शिकंजा कसने की कोशिश में जुटी हुई है। इसी कड़ी में आज बिलासपुर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नशीली दवाइयों के जखीरे के अलावा पुलिस ने कार, मोबाइल सहित 42 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आज दोपहर बिलासा गुड़ी में एक पत्रकार वार्ता के माध्यम से इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी विक्रांत सरकार के सोशल मीडिया पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह रायपुर का रहने वाला है। प्रतिबंधित दवाइयों के इस अवैध कारोबार में कुछ मेडिकल व्यवसायी भी शामिल है जिनकी तह तक पहुँचने के लिए पुलिस पुख्ता तथ्य तलाश रही है। 

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने बताया कि, सिविल लाइन थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने 26 सितंबर को जरहाभाटा के मिनी बस्ती निवासी कल्पना कुर्रे और एक नाबालिग को पकड़ा था। पुलिस को पकडे गए आरोपियों के पास से 896 नशीली गोलियां बरामद हुईं थीं।

पुलिस के मुताबिक़  22 अक्टूबर को जरहाभाटा की ही सृष्टि कुर्रे को गिरफ्तार किया गया उसके पास से 150 प्रतिबंधित टैबलेट और इंजेक्शन बरामद किया गया। पुलिस को पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर माना निवासी विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम से प्रतिबंधित दवाओं को लेना कबूला ।  पुलिस जांच में पता चला कि विक्रांत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है। उसने फार्मेसी की डिग्री भी ली है, जिसके नाम से वह थोक में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां मंगाता था। पुलिस ने बताया कि विक्रांत की सोशल साइट्स पर करीब एक लाख से अधिक फालोवर हैं। 

पुलिस को मुखबिर से सुचना मिली कि नशे का कारोबारी विक्रांत और रविशंकर दोनों बिलासपुर आ रहे हैं। इस पर उनको पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की कार से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन और टैबलेट बरामद किया है। साथ ही उनकी इलेक्ट्रॉनिक कार और दो मोबाइल को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले में शामिल लोगों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जानकारी जुटा कर कानूनन कार्रवाई की जा रही है। 

कुर्रे परिवार नशे के कारोबार में संलिप्त -  

नशे के अवैध व्यापार में लिप्त मुख्य आरोपिया सृष्टि कुर्रे व गोदावरी कुर्रे बिलासपुर मिनीबस्ती में अपने परिवार के सदस्यो के साथ मिलकर नशे का कारोबार करती थी नशे के कारोबार में संलिप्त दोनों महिलाओं सहित उनके परिवार के 09 सदस्य है जिसमें से 6 सदस्य जेल में बंद है। बिलासपुर की मिनी बस्ती में रहने वाला कुर्रे परिवार लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त है। इस परिवार की महिलाओं, सृष्टि कुर्रे और गोदावरी कुर्रे का नाम इस अवैध कारोबार में प्रमुख रूप से सामने आया है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा