Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पुलिस संदिग्ध व्यक्ति समझकर थाने ले आई, पूछताछ हुई तो इनामी नक्सली निकले

TODAY छत्तीसगढ़  /  दंतेवाड़ा /  दंतेवाड़ा में पुलिस को नक्सली उन्मूलन अभियान में दो मोर्चों पर निरंतर सफलता मिल रही है। एक ओर घर वापस आइए अभियान में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की झड़ी लगी हुई है, वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा नामजद नक्सल आरोपियों को हिरासत में लिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के मुताबिक कटेकल्याण थाना से जिला आरक्षी बल के जवान सोमवार को गश्त अभियान में निकले थे। इसी दौरान मारजूम और कलेपाल के जंगलों में पुलिस दल को देखकर तीन संदिग्ध व्यक्ति छिपने लगे। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्तियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पुलिस के कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी नामजद नक्सल आरोपी निकले।

इनमें से एक व्यक्ति की शिनाख्त कलेपाल जनताना सरकार सदस्य बामन मरकाम (30 वर्ष) के रूप में हुई। बामन कलेपाल गांव जिला बस्तर का निवासी है। उक्त नक्सली पुलिस दल पर एंबुश लगाकर हमला करने की वारदात में शामिल था। इसी कड़ी में डीएकेएमएस अध्यक्ष भीमा मरकाम (35 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया। भीमा ग्रामीणों के साथ लूटपाट, पुलिस दल पर हमला एवं नक्सली विचारधारा के प्रचार प्रसार में शामिल था। उक्त नक्सली की गिरफ्तारी पर राज्य शासन द्वारा 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। वह कटेकल्याण थाना अंतर्गत मार्जूम गांव का निवासी है।

इसी कड़ी में डीएकेएमएस सदस्य सुकलू कुहरामी (30 वर्ष) को भी जंगलों से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। सुकलू कटेकल्याण थाना अंतर्गत मार्जूम गांव का निवासी है। उक्त नक्सली ग्रामीणों के साथ लूटपाट एवं पुलिस दल पर हमला करने में भागीदार था। पुलिस ने सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा