Slider

Murder Mystery : पति की कहानी पर पुलिस को संदेह, मायके पक्ष ने कहा 'दामाद ने हत्या की है'

 TODAY छत्तीसगढ़  / जांजगीर / छत्तीसगढ़ के जांजगीर में बदमाशों ने सोमवार देर रात कार सवार दंपती से लूट और मारपीट की। फिर नाइलोन की रस्सी से महिला का गला घोंट दिया। बदमाशों ने पति को भी रस्सी से बांध दिया और भाग गए। बाद में किसी तरह युवक ने अपने परिचित को कॉल कर जानकारी दी। इसके बाद दोनों पतोरा पुलिस चौकी पहुंचे और मामला दर्ज कराया। दंपती कोरबा से बिलासपुर लौट रहा था। 

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

फिलहाल पुलिस को कहानी पर संदेह है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि दामाद ने ही हत्या की है। बदमाश कार से मोबाइल, लैपटॉप और 45 हजार रुपए लूट कर ले गए। चौंकाने वाला है, कार की पीछे की सीट में पड़े गहनों को हाथ नहीं लगाया। 

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी देवेंद्र सोनी उर्फ दीपक (30) एक CA के लिए काम करता है। वह रिकवरी के सिलिसले में अपनी पत्नी दीप्ति सोनी (28) के साथ कार में सोमवार को कोरबा गया था। वहां से दोनों शाम करीब 6 बजे लौट रहे थे। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि रास्ते में पतोरा चौकी के पास फॉरेस्ट बैरियर पर रात करीब 10.30 बजे टॉयलेट करने के लिए उसने गाड़ी रोक दी। वह उतरा ही था कि थोड़ी दूर आगे खड़ी कार से 4 बदमाश आए और मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान बदमाशों ने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। दीप्ति आगे वाली सीट पर बैठी थी। बदमाशों ने उसके गले में नाइलोन की रस्सी बांधी और खींचकर सीट में पीछे की ओर बांध दी। इसके चलते दम घुटने से उसकी मौत हो गई। वहीं देवेंद्र के भी हाथ-पैर बांधकर बदमाश भाग निकले। बाद में किसी तरह देवेंद्र ने मोबाइल पर कॉल कर बलोदा में रहने वाले अपने परिचित गैस एजेंसी संचालक को सूचना दी।

दंपती की 7 साल की एक बेटी भी है। देवेंद्र उसे घर में ही छोड़कर गया था। बताया जा रहा है कि पिछले तीन साल से दीप्ति का अपने मायके वालों से कोई संपर्क नहीं था। देवेंद्र ने उनसे बातचीत और आना-जाना पूरी तरह से बंद करा दिया था। दीप्ति के परिजनों ने भी देवेंद्र पर हत्या करने का आरोप लगाया है। - भास्कर 

                                                 
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com