Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'रोज़ी स्टर्लिंग' हमारी मेहमान है, इन्हें पत्थर से ना मारें

[TODAY छत्तीसगढ़] / प्रवासी पक्षी "रोज़ी स्टर्लिंग" इस बार बिलासपुर शहर के बीच डेरा जमाए हुए हैं.पक्षी प्रेमियों,फोटोग्राफर और राह चलते लोगों की भीड़ शाम होते-होते सीपत मार्ग स्थित विज्ञान महाविद्यालय के समीप इकट्ठी होने लगती है.घंटा डेढ़ घंटा की आसमानी कलाबाज़ियों के बाद बमुश्किल कुछ मिनट में सभी पक्षी ऊँची-ऊँची घास में विलुप्त सी हो जाती हैं, सुबह होते ही ये फिर से ऊँची उड़ान के लिए छोटे-छोटे झुण्ड में निकल पड़ती हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों से शरारती तत्वों ने इन मेहमानों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरु कर दिया है। पटाखे फोड़कर और उनके रहने की जगह घास को नष्ट करने की कोशिश की जा रही थी, इतना ही नहीं कुछ शरारती तत्वों ने उनके झुण्ड पर पत्थर मारने से भी गुरेज नहीं किया लिहाजा इस संदर्भ में प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने हेतु नेचर क्लब, मेरी आवाज़ सुनो और डब्ल्यू. डब्ल्यू. एफ. के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मुख्य वन संरक्षक, कलेक्टर, आई.जी. प्रदीप गुप्ता, डी.एफ़.ओ. और पुलिस अधीक्षक से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा ताकि इन मेहमान परिंदों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
 इस संबंध में स्थानीय विधायक शैलेश पांडेय को भी सूचित किया गया है। डीएफओ संदीप बलगा ने आश्वस्त किया है की शहर के बीच जितने भी दिन गुलाबी मैना प्रवास पर है उसकी सुरक्षा के इंतजाम किये जाएंगे। इधर बिलासपुर रेंज के आई.जी. प्रदीप गुप्ता ने इस मामले में बेहद संवेदनशीलता दिखाई और तत्काल सरकंडा थाना के अधिकारी से बातचीत कर पक्षियों को अनावश्यक परेशान करने वाले शरारती तत्वों को जागरूकता के लिहाज से समझाइश देने की बात कही गई। इसके बाद कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर प्रवासी पक्षियों के संभावित ठिकानों की तरफ जाकर लोगों को मेहमान परिंदों के विषय में जानकारी देकर उन्हें अपील की गई की घर आये मेहमान को अनावश्यक परेशान ना होने दें। सरकंडा क्षेत्र के लोगों का इस विषय में रुख सहयोगात्मक दिखा, पक्षियों के ठहरने वाले स्थानों के पास रहने वालों ने भरोसा दिलाया की जब तक विदेशी मेहमान [पक्षी] हैं तब तक किसी को भी शरारत करते देख उन्हें मना किया जाएगा। पुलिस प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये के चलते कुछ पक्षी प्रेमियों ने लोगों को रोजी स्टार्लिंग पक्षियों के महत्व और पारिस्थितिक तंत्र में उनकी भूमिका पर जागरूक किया। 
               प्रवासी पक्षियों के संरक्षण को लेकर प्रशासनिक दफ्तरों तक ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेयी, प्रथमेश मिश्रा, सत्यप्रकाश पांडेय, WWF के सीनियर फील्ड ऑफिसर [बिलासपुर] उपेंद्र दुबे, शुभम साहू, जेपी अग्रवाल, सुनील जायसवाल, अभिप्रीत बाजपेयी, शशांक पांडेय समेत कई पर्यावरण और पक्षी प्रेमी शामिल रहे।



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा