डेढ़ माह के मासूम की चीख सुन दौड़ी पुलिस, दिल छू लेगी पूरी कहानी


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 19 मई की शाम एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। करीब डेढ़ माह का एक मासूम बच्चा एक महिला की बेरहमी का शिकार हो रहा था। महिला लगातार बच्चे को मार रही थी और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए आगे आए, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम में शामिल एएसआई गौतम ठाकुर, आरक्षक गणेश पैंकरा और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे को महिला के चंगुल से सुरक्षित निकालकर अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ में महिला ने बच्चे को खरसिया से ट्रेन में लेकर आने की बात कही, लेकिन उसके व्यवहार और जवाबों से पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बच्चे को तत्काल उपचार के लिए केजीएच अस्पताल भेजा गया। थाना कोतवाली की महिला आरक्षक अनिता बेक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मातृ-शिशु वार्ड में भर्ती कराया और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी संभाली। वहीं महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां उसके असंगत व्यवहार को देखते हुए मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने की आशंका जताई गई। बाद में उसे सखी सेंटर में रखा गया।

कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि महिला इंदिरा नगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी समय-समय पर मानसिक अस्थिरता का सामना करती है। पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि बच्चा उसी दंपति का पुत्र है।

पुलिस ने बच्चे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उसे अस्पताल में भर्ती रखा। 26 मई को डिस्चार्ज के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे को महिला आरक्षक अनिता बेक के सुपुर्द किया, जिन्होंने भर्ती से लेकर उपचार तक उसकी देखभाल की थी। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के निर्देशन में बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बाल कल्याण समिति ने माता-पिता, दादी और नानी की काउंसलिंग कर पूरे मामले की समीक्षा की और बच्चे को अस्थायी रूप से उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए समिति ने 29 मई को पुनः परिजनों को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए बुलाया है।

इस पूरे घटनाक्रम में रायगढ़ पुलिस ने केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी ही नहीं निभाई, बल्कि एक संवेदनशील संरक्षक की भूमिका निभाते हुए मासूम बच्चे को संभावित गंभीर नुकसान से बचाया। महिला आरक्षक अनिता बेक की संवेदनशीलता और पुलिस टीम की तत्परता की भी व्यापक सराहना हो रही है।

पुलिस महकमे में प्रशासनिक सर्जरी, निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारियां


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस विभाग में प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सात निरीक्षकों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश आगामी निर्देश तक प्रभावशील रहेगा।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक नीलेश पांडेय को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर से थाना रतनपुर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक उमेश साहू को थाना अ.जा.क. से थाना सकरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निरीक्षक विजय चौधरी को थाना सकरी से हटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समंस, वारंट एवं शिकायत शाखा में पदस्थ किया गया है। इसी तरह निरीक्षक राजश्री दामू को थाना कोनी से कार्यालय नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली भेजा गया है।

आदेश के तहत निरीक्षक अवनीश पासवान को रक्षित केंद्र बिलासपुर से थाना तखतपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक विवेक पांडेय को थाना तखतपुर से थाना कोनी पदस्थ किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक उत्तम कुमार साहू को रक्षित केंद्र बिलासपुर से थाना अ.जा.क. में पदस्थ किया गया है।

29 मई को जारी इस आदेश के बाद पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक दक्षता को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। 


सड़क को बनाया पार्टी जोन, स्कॉर्पियो चालक और महिला पर कार्रवाई

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का एक और मामला सामने आया है। रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटकर आतिशबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 24 मई की रात काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 10 BP 3926 में सवार युवक-युवती द्वारा सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। वायरल वीडियो में वाहन की छत पर केक रखकर काटते हुए तथा आतिशबाजी करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करते देखा गया।

जांच में वाहन चालक की पहचान अरविन्द सैनी निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई है । वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाना कोनी ले आई । पूछताछ के दौरान चालक अरविन्द सैनी ने स्वीकार किया कि उसके द्वारा वाहन के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया था। पुलिस ने चालक एवं उसकी महिला मित्र के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि अन्य वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 


अमानक उर्वरक पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 180 क्विंटल खाद की बिक्री रोकी


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रतनपुर क्षेत्र में उर्वरक एवं कृषि आदान प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान अमानक उर्वरक पाए जाने पर करीब 180 क्विंटल उर्वरक के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि विभाग के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी शामिल थे।

दल द्वारा सेवा सहकारी समिति चपोरा, महेश्वरी कृषि केंद्र रतनपुर, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर, सेवा सहकारी समिति रतनपुर तथा उन्नत कृषि सेवा केन्द्र रतनपुर का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अभिलेखों और भंडारण संबंधी अनियमितताएं पाई गईं।

कृषि विभाग ने संबंधित संस्थाओं और विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में भंडारित अमानक एनपीके 20:20:0:13 उर्वरक की लगभग 180 क्विंटल मात्रा पर तत्काल विक्रय प्रतिबंध लगाया गया। उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ताहीन या अमानक कृषि आदानों के विक्रय पर विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले में खाद-बीज की उपलब्धता और गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर उचित और गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

https://www.instagram.com/todaychhattisgarhnews/

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com