रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी के मायके में रहने से नाराज जीजा ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र कुमार वर्मा (32) पेशे से बाउंसर है। उसकी पत्नी ज्योति वर्मा पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थी। बुधवार रात आरोपी अपनी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन लेकर ससुराल पहुंचा था।
बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने पत्नी और बच्ची से मिलने की बात कही। इस दौरान परिवार वालों ने सुबह आने की बात कही, जिससे वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने पिस्टल निकालकर पहले अपनी साली गीतांजली वर्मा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। इसी दौरान दूसरी साली दुर्गेश्वरी वर्मा बाहर आई, जिस पर आरोपी ने गोली चला दी। दोनों बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन बाद में थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पंडरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।



