सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर पुलिस का शिकंजा


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /   जिले में तंबाकू नियंत्रण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत सघन अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 80 प्रकरणों में कार्रवाई कर ₹16,200 का जुर्माना वसूला है।

यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने बस स्टैंड, बाजार, अस्पताल और शासकीय कार्यालयों सहित सार्वजनिक स्थानों पर जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर चालानी कार्रवाई, पान दुकानों पर नियम उल्लंघन पर जुर्माना और तंबाकू उत्पादों के अवैध विक्रय पर निगरानी की गई।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने तमनार: 27 प्रकरण (₹5,400), धरमजयगढ़: 17 प्रकरण (₹3,400), लैलूंगा: 16 प्रकरण (₹3,200), छाल: 11 प्रकरण (₹2,200), कापू: 7 प्रकरण (₹1,400) और कोतरारोड़: 2 प्रकरण (₹600) में कार्रवाही की है। पुलिस ने कुल 80 मामलों में ₹16,200 का जुर्माना लगाया गया। 

जिला पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाही के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में सम्बलपुरी रोड स्थित Butterfly Bliss रेस्टोरेंट में रेड कार्रवाई की गई। यहां मैनेजर चंदन कुमार पत्रो (39) को बिना अनुमति हुक्का पिलाते पाया गया। मौके से 2 हुक्का पॉट, 2 सेंटर बेस, फ्लेवर तंबाकू पैकेट पाइप जप्त कर आरोपी के विरुद्ध कोटपा एक्ट की धारा 5/22 के तहत कार्रवाई की गई। 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि कोटपा एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान व तंबाकू बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। 

फर्जी नाम से बुक कमरे में चल रहा था जुआ, पुलिस ने आदतन जुआरियों को पकड़ा


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए होटल महावीर में दबिश देकर जुआ खेलते 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1.44 लाख नगद भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, होटल के कमरा नंबर 215 में जुआ खेले जाने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में महेश सिंह, हीरालाल पाल, अक्की जायसवाल, छोटू सिंह, संदेश मसीह, अनिल कुमार वर्मा, आकाश भोई और विशाल छाबड़ा शामिल हैं। 

नकदी बरामद, होटल संचालक भी आरोपी

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ₹1,44,000 नगद बरामद किए गए। जांच में यह सामने आया कि जुआ खेलने के लिए होटल का कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था। पुलिस ने होटल संचालक एस.के. सिन्हा को भी आरोपी बनाया है, क्योंकि उसे कमरे में चल रही अवैध गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

किताब निकालने में देरी: छात्र को पीटने वाली शिक्षिका गिरफ्तार, दूसरी फरार


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   जिले में छात्र से मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने एक शिक्षिका को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरी शिक्षिका फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, डोंगरगढ़ के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 7वीं के छात्र के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसके दोनों कानों को गंभीर क्षति पहुंची। मामले में आरोपी इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शिक्षिका नम्रता साहू फरार है।

शिकायत के अनुसार, घटना 2 अगस्त 2025 की है। छात्र सार्थक सहारे को किताब निकालने में थोड़ी देरी होने पर पहले क्लास टीचर ने डांटा और फिर इंचार्ज शिक्षिका को बुलाया। इसके बाद छात्र के दोनों कानों पर थप्पड़ मारे गए। मारपीट के बाद छात्र के कानों को गंभीर चोट पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उपचार के बाद भी सुनने में समस्या बनी हुई है। परिजनों की शिकायत पर दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लम्बे समय तक हुई जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरी आरोपी की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई। 


1 करोड़ किलो वाला ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   राजधानी में पुलिस ने महंगे नशीले पदार्थ ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजे की सप्लाई करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गांजे की कीमत करीब एक करोड़ रुपये प्रति किलो बताई जा रही है और यह हाईप्रोफाइल ग्राहकों की डिमांड पर सप्लाई किया जाता था।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रितिक पसरिचा (26) को कटोरा तालाब इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली का निवासी है और रायपुर के शंकर नगर में किराए के मकान में रहकर ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ग्राहक को गांजा देने पहुंचा था, तभी टीम ने रेड कार्रवाई कर उसे मौके से पकड़ लिया। उसके कब्जे से 114 ग्राम ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से इस महंगे गांजे को रायपुर मंगवाता था और फिर चुनिंदा ग्राहकों को सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से शहर के हाईप्रोफाइल ग्राहक जुड़े हो सकते हैं। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com