रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राजधानी में पुलिस ने महंगे नशीले पदार्थ ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजे की सप्लाई करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गांजे की कीमत करीब एक करोड़ रुपये प्रति किलो बताई जा रही है और यह हाईप्रोफाइल ग्राहकों की डिमांड पर सप्लाई किया जाता था।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रितिक पसरिचा (26) को कटोरा तालाब इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली का निवासी है और रायपुर के शंकर नगर में किराए के मकान में रहकर ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ग्राहक को गांजा देने पहुंचा था, तभी टीम ने रेड कार्रवाई कर उसे मौके से पकड़ लिया। उसके कब्जे से 114 ग्राम ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से इस महंगे गांजे को रायपुर मंगवाता था और फिर चुनिंदा ग्राहकों को सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से शहर के हाईप्रोफाइल ग्राहक जुड़े हो सकते हैं। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।



.jpeg)

