रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की वित्तीय प्रबंधन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए नई डिजिटल सेवाएं शुरू की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन पहलों का उद्देश्य नागरिकों और सरकारी विभागों के लिए भुगतान और लेखांकन प्रक्रियाओं को आसान बनाना है।
इसी क्रम में आज 01 अप्रैल से ई-चालान (E-Challan) के तहत ओटीसी प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके जरिए अब नागरिक और संस्थाएं विभिन्न शासकीय भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे। संचालनालय कोष, लेख एवं पेंशन की संचालक पद्मिनी भोई साहू ने रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में राज्य के केंद्रीय कोषालय (सेंट्रल ट्रेजरी) का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार, इस नई व्यवस्था से भारत सरकार से प्राप्त राशि के संचालन के लिए इस्तेमाल होने वाली एसएनए स्पर्श (SNA SPARSH) प्रणाली के तहत भुगतान अधिक केंद्रीकृत और सुव्यवस्थित तरीके से किए जा सकेंगे। इसके अलावा, विभाग ने अपनी नई वेबसाइट भी लॉन्च की है, जहां उपयोगकर्ताओं को विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं और अद्यतन जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि कोषालयों में ऑनलाइन बीटीआर (BTR) सुविधा शुरू होने से लेखांकन प्रक्रिया को भी सरल और तेज बनाने में मदद मिलेगी। सरकार का मानना है कि इन डिजिटल पहलों से राज्य में वित्तीय प्रशासन को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा।



