Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

हनुमान जयंती पर शहर में सुरक्षा कड़ी, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू

ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर, नागरिकों से वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  हनुमान जयंती के अवसर पर बिलासपुर में निकलने वाली शोभायात्राओं को देखते हुए पुलिस ने शहर में व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। अधिकारियों के मुताबिक, शोभायात्रा के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और निगरानी के लिए ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।

पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह व्यवस्था की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में भी जवान तैनात रहेंगे। पुलिस के अनुसार, कल 2 अप्रैल को शहर के विभिन्न हिस्सों से कई शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनके चलते कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इन मार्गों से गुजरने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।

जारी जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग समितियों द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए तय स्थानों पर समाप्त होंगी। इन मार्गों में तोरवा चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, कोतवाली चौक और देवकीनंदन चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे। इसके साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर ब्रीथ एनालाइज़र के साथ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शोभायात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन लेकर न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।   

 शहर के विभिन्न मार्गो से होकर निकाले जाने वाली शोभायात्रा इस प्रकार है:-     

बोल बम सेवा समिति की ओर से शायं 04:30 बजे नया चौक देवरी खुर्द से शोभायात्रा निकालकर प्रमुख मार्ग तोरवा चौक, जगमल चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचकर समापन होगी।    

धर्म जागृति मंच के द्वारा हनुमान मंदिर बुधवारी बाजार से दोपहर 3:00 बजे झांकी के साथ शोभायात्रा निकालकर प्रमुख मार्ग गुरु नानक चौक, जगमल चौक, दयालबंद, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, कोतवाली चौक, तेलीपारा बस स्टैंड, सी एम डी चौक, तार बहार चौक, खुदीराम बोस चौक होते हुए महाकाल ग्राउंड कंस्ट्रक्शन कॉलोनी तार बहार पहुंचकर समापन होगी।

कालीबाड़ी सरकंडा द्वारा हनुमान जयंती के अवसर पर शायं 04:30 बजे साइंस कॉलेज मैदान के सामने हनुमान मंदिर से नूतन चौक, सुभाष चौक, जबड़ा  मोड़,  रामसेतु होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचकर समापन होगी।          

इस तरह शायं 05:00 बजे लिंगियाडीह सरकारी स्कूल के सामने से शोभायात्रा निकलकर बसंत विहार, साइंस कॉलेज, अशोक नगर चौक, नूतन चौक, सुभाष चौक जबड़ापारा होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचकर समापन होगी।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा