डिप्टी सीएम साव बने सारथी, बैलगाड़ी में निकली विधायक दीपेश साहू की बारात


बेमेतरा। 
TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी के सारथी बने और भाजपा विधायक दीपेश साहू की बारात का नेतृत्व किया। इस अनोखे दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। विधायक दीपेश साहू ने सामाजिक समरसता और सादगी का संदेश देते हुए सामूहिक मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में विवाह करने का निर्णय लिया। उनके इस फैसले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

"छत्तीसगढ़ की राजनीति में सादगी की मिसाल... विधायक दीपेश साहू की बारात बैलगाड़ी में निकली और सारथी बने उप मुख्यमंत्री अरुण साव। बेमेतरा के सामूहिक विवाह सम्मेलन में दिखा अनोखा दृश्य।"

बारात पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी से निकाली गई, जिसमें दूल्हे के रूप में विधायक दीपेश साहू सवार थे, जबकि बैलगाड़ी की कमान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संभाली। राजधानी रायपुर से विशेष रूप से बेमेतरा पहुंचे डिप्टी सीएम साव ने सारथी बनकर विधायक को विवाह स्थल तक पहुंचाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति, ग्रामीण जीवन शैली और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और सादगी को बढ़ावा देने का माध्यम है। वहीं विधायक दीपेश साहू ने इसे समाज को सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया। 

CEIR पोर्टल से मिली बड़ी सफलता, 18 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  थाना बसंतपुर पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुम हुए 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर सराहनीय कार्य किया है। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत विभिन्न कंपनियों के 18 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए गए। 

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई आवेदकों ने बताया कि मोबाइल में उनके परिवार की महत्वपूर्ण तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज, संपर्क नंबर और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित थी, जिसके वापस मिलने की उन्हें उम्मीद नहीं थी।

मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने राजनांदगांव पुलिस और बसंतपुर थाना पुलिस की तत्परता एवं तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता के कारण उनकी बहुमूल्य जानकारी और निजी डेटा सुरक्षित वापस मिल सका।




प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सैदा में प्रेम प्रसंग के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के आरोप में पुलिस ने महिला के पति और उसके नाबालिग पुत्र को हिरासत में लिया है।

मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल निवासी राम्हेपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब दावेन्द्र अपने घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। शाम को परिजनों को सूचना मिली कि वह सैदा स्थित एक मकान में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजनों ने जब हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान पहुंचकर पीछे की खिड़की से अंदर झांका तो दावेन्द्र कमरे में बेड के पास मृत पड़ा मिला। सूचना पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपी शिव कामले, जो कबीरधाम जिले के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक पद पर पदस्थ है, उसकी पत्नी रीना कामले और मृतक दावेन्द्र के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान हुई थी।

करीब एक माह पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने पत्नी को दावेन्द्र से दूरी बनाने की हिदायत दी थी और उसका मोबाइल सिम भी तोड़ दिया था।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को दावेन्द्र रीना कामले को नया सिम देने सैदा पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। उसने अपने नाबालिग बेटे की मदद से दावेन्द्र को घर के अंदर बुलाया और समझाने का प्रयास किया। लेकिन जब वह संबंध खत्म करने को तैयार नहीं हुआ तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद शिव कामले और उसके नाबालिग पुत्र ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के तार से दावेन्द्र का गला घोंट दिया। साथ ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी।


जिला अस्पताल के पास शराब सप्लाई की तैयारी, दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सेंट्रो कार जब्त की है। आरोपी जिला अस्पताल के पास कार में बैठकर अवैध शराब की सप्लाई की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध शराब बिक्री और उससे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सफेद रंग की सेंट्रो कार में अवैध रूप से देशी शराब रखकर जिला अस्पताल के पास स्थित शौचालय (शुलभ) के सामने बिक्री के लिए खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 35 नग देशी शराब (180 एमएल प्रति पौवा) बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफी कुरैशी (33 वर्ष) और शेख अकबर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों इंदिरा कॉलोनी, तारबाहर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com