Slider

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या

सकरी पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, पति और नाबालिग पुत्र हिरासत में


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सैदा में प्रेम प्रसंग के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के आरोप में पुलिस ने महिला के पति और उसके नाबालिग पुत्र को हिरासत में लिया है।

मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल निवासी राम्हेपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब दावेन्द्र अपने घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। शाम को परिजनों को सूचना मिली कि वह सैदा स्थित एक मकान में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजनों ने जब हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान पहुंचकर पीछे की खिड़की से अंदर झांका तो दावेन्द्र कमरे में बेड के पास मृत पड़ा मिला। सूचना पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपी शिव कामले, जो कबीरधाम जिले के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक पद पर पदस्थ है, उसकी पत्नी रीना कामले और मृतक दावेन्द्र के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान हुई थी।

करीब एक माह पहले शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने पत्नी को दावेन्द्र से दूरी बनाने की हिदायत दी थी और उसका मोबाइल सिम भी तोड़ दिया था।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को दावेन्द्र रीना कामले को नया सिम देने सैदा पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। उसने अपने नाबालिग बेटे की मदद से दावेन्द्र को घर के अंदर बुलाया और समझाने का प्रयास किया। लेकिन जब वह संबंध खत्म करने को तैयार नहीं हुआ तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद शिव कामले और उसके नाबालिग पुत्र ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के तार से दावेन्द्र का गला घोंट दिया। साथ ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com