जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, घबराकर खरीदी ना करें - कलेक्टर


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। जिले में वर्तमान में पेट्रोल का 1191 किलोलीटर एवं डीजल का 1507 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो जिले की आवश्यकता के अनुसार पांच दिनों से अधिक की जरूरत को पूरा करने में सक्षम है।

        खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में कुल 146 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं, जिनमें से केवल 8 पंपों पर अस्थायी रूप से ड्राईआउट की स्थिति निर्मित हुई थी। इन पंपों पर भी ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति कर स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के कुछ पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्राईआउट की स्थिति अफवाह एवं घबराहट के कारण उपभोक्ताओं द्वारा अचानक अधिक मात्रा में खरीदारी किए जाने से निर्मित हुई। इससे मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई और कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति बनी।

    कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने तीनों ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक लेकर  जिले में पेट्रोल-डीजल उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आवश्यकता के अनुसार मांग एवं खपत के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिले में ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए कॉल सेंटर नंबर 07752224150 संचालित किया गया है। साथ ही मांग सामान्य होने तक जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालन के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर ऑयल कंपनियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारी लगातार पेट्रोल-डीजल पंपों का निरीक्षण एवं निगरानी कर रहे हैं। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह से प्रभावित न हों तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल क्रय करें। जिले में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है।

जमीन विवाद: एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 14 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा हुआ था। जेल से लौटने के बाद से उसका अपने पिता के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

युवती और युवक लापता: कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण पहुंचे एसएसपी कार्यालय


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी से एक युवती के लापता होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। युवती के परिजन, दादा और बड़ी संख्या में ग्रामीण गुरुवार को एसएसपी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार गांव की 25 वर्षीय युवती 5 मई से लापता है। उसी दिन गांव में पंचर दुकान चलाने वाला युवक शाहिद अफरीदी भी गायब बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। कुछ सामाजिक संगठन के लोग इसे लव जेहाद के एंगल से भी देख रहे हैं।  

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करीब 10 साल पहले गांव में आकर रहने लगा था। युवती के परिजनों ने रतनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक युवती का पता नहीं चलने से परिवार परेशान है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवती के दादा ने भावुक होकर जल्द कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि युवक के परिजनों को दोनों के बारे में जानकारी है, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस युवती और युवक की तलाश में जुटी हुई है तथा जल्द ही मामले में प्रगति सामने आएगी।

सिगरेट चोरी मामले में तीन अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजनांदगांव पुलिस ने 11 लाख 90 हजार रुपये की सिगरेट चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में सागर घोड़के, कुणाल पांडुरंग जाधव और विपुल विटकर शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार राहुल तेजवानी ने 1 मई 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनमोल परिसर स्थित उसके गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये की सिगरेट चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए माल में गोल्ड किंग, गोल्ड फ्लेक और क्लासिक ब्रांड की सिगरेट के कार्टून शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर टीम को जबलपुर और पुणे रवाना किया गया। जांच के दौरान जबलपुर से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ अर्टिगा कार क्रमांक MH 12 VZ 7339 से राजनांदगांव आकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने पुणे से तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी विक्रम सिंह राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com