‘चमत्कार’ के नाम पर महिला से दुष्कर्म, ढोंगी बाबा हिमाचल से गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा/पामगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  चमत्कार और इलाज का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल करने वाले एक कथित ‘बाबा’ को पामगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र) है। पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र में आया और खुद को चमत्कारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था।

पीड़िता अपनी सहेली के साथ आरोपी से मिली, जहां उसने शरीर के दर्द का इलाज करने का भरोसा दिलाकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में आरोपी ने उसे बुलाकर अपने साथ जाने के लिए बहलाया और बिलासपुर होते हुए मध्यप्रदेश के मैहर ले गया। वहां होटल में ठहराकर इलाज के नाम पर बार-बार दुष्कर्म किया।

इसके बाद आरोपी पीड़िता को बिलासपुर छोड़कर फरार हो गया। घर लौटने के बाद भी वह लगातार फोन कर परेशान करता रहा। नंबर ब्लॉक करने पर आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश दी गई, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। (तस्वीर / AI द्वारा)

‘POLICE–YOUTH UNITY SPORTS’ के तहत ताइक्वांडो प्रतियोगिता 1-2 मई को


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “POLICE–YOUTH UNITY SPORTS” के तहत 1 एवं 2 मई को दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता गौरीशंकर मंदिर रोड स्थित अग्रोहा भवन में आयोजित होगी, जिसमें अंडर-14 (11 से 14 वर्ष) और अंडर-17 (15 से 17 वर्ष) आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। पुलिस का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है, साथ ही पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास व सहयोग को मजबूत करना भी है। इच्छुक प्रतिभागी 30 अप्रैल तक नि:शुल्क पंजीयन करा सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, साथ ही विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि बेहतर समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

📞 पंजीयन हेतु संपर्क

जय कुमार यादव (कोच) – 9827196040

भाविका पाण्डेय (सीनियर प्लेयर/कोच) – 9039027282

प्रमोद सागर (आरक्षक, एसपी ऑफिस) – 8827305512

ई-रिक्शा विवाद में मारपीट व धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  ई-रिक्शा चलाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और धमकी देने वाले आरोपियों को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मोहित प्रसाद गौतम ने 17 अप्रैल 2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ई-रिक्शा संचालन को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

तोरवा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  महिला से दुष्कर्म के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना सीपत में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झलमला निवासी सूरज कुमार सोनी (33 वर्ष) ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता को अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी भी दी।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com