बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिसदा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि जीवन नोरगे (65 वर्ष) ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम और एफएसएल यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कई वर्षों से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



