बिलासपुर में पुलिसिंग का नया मॉडल लागू, 33 कर्मियों का बड़ा फेरबदल


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिसिंग का नया मॉडल लागू किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 33 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं।

इस बदलाव की सबसे खास बात यह है कि जिले में पहली बार CSP और SDOP कार्यालयों में निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) की पदस्थापना की गई है, जिसे पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रयोग माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार CSP कोतवाली, सिविल लाइन और SDOP कोटा कार्यालय में इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था पर निगरानी और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय की होगी। माना जा रहा है कि इससे फाइलों का तेजी से निपटारा होगा, आदेशों का पालन तेज होगा और थाना स्तर का कार्यभार कम होगा। 

इस फेरबदल के बीच ख़बरें ये भी हैं कि विवादित टीआई को हटाकर उन्हें लूप लाइन पोस्टिंग दी गयी है। जारी नई पदस्थापना आदेश में चकरभाठा टीआई उमेश साहू को अजाक थाना और तोरवा टीआई अभय बैस को CSP कार्यालय सरकंडा में पदस्थ किया गया है। इसे प्रशासनिक सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों के प्रभार में भी बड़े बदलाव किये हैं। नई व्यवस्था के तहत दामोदर मिश्रा को हिर्री थाना प्रभारी, रविशंकर तिवारी एयरपोर्ट सुरक्षा, रजनीश सिंह तोरवा थाना प्रभारी, कृष्णचंद्र सिदार मस्तूरी थाना प्रभारी, भावेश शेंडे चकरभाठा थाना, तोपसिंह नवरंग बिल्हा थाना प्रभारी और राजश्री कोशले को कोनी थाना प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है। 

नई व्यवस्था के तहत पुलिस पेट्रोल पंप का संचालन अब सब-इंस्पेक्टर को सौंपा गया है।ओंकारधर दीवान को इसका प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह ओमप्रकाश कुर्रे को मोपका चौकी का प्रभारी दिया गया। इसी तरह आदेश में अन्य तबादले भी शामिल हैं।  

अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन से लेकर जेसीबी-पोकलेन तक कार्रवाई


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 22 वाहनों और मशीनों को जब्त किया है। इसमें 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 5 हाइवा, 1 पोकलेन मशीन और 2 जेसीबी शामिल हैं।

यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश में लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में की गई।रतखंडी क्षेत्र में अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। यह क्षेत्र लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। मौके पर पोकलेन और हाइवा के जरिए मिट्टी का अवैध दोहन किया जाना पाया गया। ग्राम धुमा-मानिकपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारियों ने 1 पोकलेन मशीन और 4 हाइवा वाहन जब्त किया है। 

इसी तरह लावर और राजपुर क्षेत्र में भी विभाग की कार्रवाई जारी रही, लावर क्षेत्र से रेत परिवहन करते 1 हाइवा जब्त किया गया। कार्रवाही के दौरान ग्राम राजपुर-केकती क्षेत्र में 1 जेसीबी और 4 ट्रैक्टर जब्त, बुतेना क्षेत्र में मुरुम उत्खनन करते 1 जेसीबी पकड़ी गई। सभी जब्त 22 वाहनों और मशीनों को पुलिस चौकी बेलगहना और खनिज जांच चौकी लावर में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रोजगार दिवस पर “मोर गांव मोर पानी” से जल संरक्षण को नई धार


बिलासपुर। 
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले की समस्त 486 ग्राम पंचायतों में शासन के निर्देशानुसार रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “मोर गांव मोर पानी” एवं “मोर तरिया” अभियान के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान “नवा तरिया-आय के जरिया” थीम के अंतर्गत नए तालाब (तरिया) निर्माण हेतु संभावित स्थलों का चिन्हांकन प्लॉट एवं जीआईएस टूल के माध्यम से किए जाने की जानकारी दी गई तथा प्रस्तावित कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को 90 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

     हितग्राहियों को योजना अंतर्गत प्राप्त होने वाली राशि की जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सामग्री आपूर्ति एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें।कार्यक्रम में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जियो टैगिंग, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया गया। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की जानकारी भी दी गई। उक्त आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

सौम्या चौरसिया और के.के. श्रीवास्तव को जमानत, कोर्ट ने लगाई सख्त शर्तें


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में बड़ी राहत देते हुए अदालत ने पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और के.के. श्रीवास्तव को सशर्त जमानत दे दी है। दोनों को आज शाम जेल से रिहा कर दिया गया है। अदालत ने जमानत देते हुए दोनों आरोपियों को पासपोर्ट जमा करने और प्रत्येक पेशी में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

इसी बीच राज्य के EOW और ACB की टीम ने विशेष न्यायालय में इस मामले का 9वां पूरक चालान प्रस्तुत किया है। मामले में अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराएं (धोखाधड़ी, जालसाजी, षड़यंत्र) लागू हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे मामले में संगठित तरीके से अवैध उगाही और धन के लेन-देन का नेटवर्क काम कर रहा था। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com