चरित्र पर शक: दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, पत्नी और बेटी की हत्या कबूली


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने की बात कबूल की है। यह घटना रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गुलाब साहू के रूप में हुई है, जो पहले पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात रह चुका था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आई बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। जांच अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हत्या करने की बात स्वीकार करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लता साहू और उनकी बेटी चित्रा साहू (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी चार साल पहले हुई थी और चित्रा उसकी सौतेली बेटी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी को पहले अनुशासनहीनता के आरोप में सेवा से बर्खास्त किया जा चुका था और वह फिलहाल निजी क्षेत्र में काम कर रहा था। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 


जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया विस्तार, 16 नये एम्बुलेंस 108 सेवा में शामिल


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 108 एम्बुलेंस सेवा में 16 नई एम्बुलेंस को शामिल किया गया। इन एम्बुलेंस को जिला कलेक्टोरेट परिसर से आज विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और गति दोनों में सुधार की उम्मीद है।इस कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, विधायक दिलीप लहरिया, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि नई  मिली 16 एम्बुलेंस में से 3 अत्याधुनिक एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) प्रणाली से सुसज्जित हैं। ये एम्बुलेंस चलती-फिरती आईसीयू के रूप में कार्य करेंगी, जिनमें वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट, डिफिब्रिलेटर एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेहतर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। नए मिले 16 एम्बुलेंस को पीएचसी सकरी, बिलासपुर आईएफटी, पीएचसी सीपत, सिम्स बिलासपुर, सीएचसी बिल्हा, पीएचसी तोरवा, सीएचसी मस्तुरी, जिला अस्पताल, पुलिस स्टेशन सरकण्डा, सीएचसी तखतपुर, सीएचसी कोटा, सीएचसी मस्तुरी 2, जिला अस्पताल 2, हाईकोर्ट बिलासपुर, सिम्स एवं सीएचसी रतनपुर में तैनात रखा जायेगा। 


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने जानकारी दी कि सभी एम्बुलेंसों में प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन तैनात रहेंगे, जो मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान करेंगे। इससे दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीज की स्थिति को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।

ऑनलाइन तस्वीरों से बनाए गए फर्जी प्रोफाइल, मैरिज ब्यूरो पर कार्रवाई


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव ज़िले में पुलिस ने एक कथित फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा किया है, जो युवकों को शादी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूल रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंटरनेट और सोशल मीडिया से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर उनके नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे।

पुलिस ने इस मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) के रूप में हुई है। दोनों पर ‘लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो’ नाम से यह काम करने का आरोप है। यह मामला उस समय सामने आया जब ज़िले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को एक गुमनाम शिकायत मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक मैरिज ब्यूरो के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई और बसंतपुर थाना क्षेत्र में छापा मारा गया। इस दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में बड़ी संख्या में युवतियों की तस्वीरें मिलीं। जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास 2286 से अधिक तस्वीरें थीं, जिन्हें कथित तौर पर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से डाउनलोड किया गया था। इन तस्वीरों का इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने के लिए किया जाता था।

पुलिस का कहना है कि इन प्रोफाइल के जरिए युवकों से संपर्क किया जाता था और उन्हें मुलाकात तय कराने या शादी कराने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बदले उनसे पैसे लिए जाते थे। फिलहाल, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

रैपिडो राइडर और कोरियर के जरिए एमडीएमए नेटवर्क, 6 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर ।
 TODAY छत्तीसगढ़  / राजधानी में सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस सिंडिकेट का संचालन दिल्ली में बैठकर महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा कर रहे थे, जो एमडीएमए ड्रग्स और पार्टी पिल्स की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।

जांच में पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई के एक नए और खतरनाक तरीके “डेड ड्रॉप सिस्टम” का खुलासा किया है। इस सिस्टम में ड्रग्स को सुनसान स्थानों पर रखकर उसकी लोकेशन और वीडियो ग्राहकों को भेजी जाती थी, जिससे सीधा संपर्क कम से कम रखा जा सके। पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और उमेश गुप्ता ने बताया कि मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा वर्ष 2024 में भी थाना खम्हारडीह में दर्ज ड्रग्स प्रकरण में जेल जा चुके हैं।

आरोपियों के कब्जे से 48.03 ग्राम एमडीएमए (कीमत लगभग 7 लाख रुपये), 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ड्रग्स सप्लाई में उपयोग किए गए कोरियर बॉक्स जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऐसे काम करता था नेटवर्क:

एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि Rapido राइडर्स के माध्यम से शहर में ड्रग्स सप्लाई की जा रही है। जांच में सामने आया कि दिल्ली से कोरियर के जरिए ड्रग्स रायपुर भेजा जाता था। यहां कुणाल मंगतानी इसे रिसीव कर रैपिडो राइडर्स के जरिए सुनसान जगहों पर “डेड ड्रॉप” करता था। इसके बाद लोकेशन और वीडियो मास्टरमाइंड को भेजे जाते, जो व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाए जाते थे। भुगतान के लिए अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग किया जाता था।

पुलिस टीम ने 29 मार्च को तेलीबांधा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन रैपिडो राइडर्स—सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव को एमडीएमए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में नेटवर्क की परतें खुलती गईं और कुणाल मंगतानी समेत मास्टरमाइंड तक पुलिस पहुंच गई। दिल्ली के पंचशील विहार में लोकेशन ट्रेस कर महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा को हिरासत में लेकर रायपुर लाया गया, जहां उनकी भूमिका सिद्ध होने पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने नाइजीरियन नागरिकों से ड्रग्स खरीदने की बात भी स्वीकार की है।

अब तक गिरफ्तार आरोपी:

कुणाल मंगतानी (23), काशीराम नगर, तेलीबांधा
सौरभ डोंगरे (29), टिकरापारा
शुभम राठौर (31), टिकरापारा
सौरभ यादव (21), खमतराई
महेश सिंह खड़का (28), पंचशील विहार, दिल्ली
कुसुम हिन्दुजा (25), अवंति विहार, रायपुर

गिरोह में काम का बंटवारा:

महेश खड़का, कुसुम हिन्दुजा – मास्टरमाइंड व नेटवर्क संचालन
कुणाल मंगतानी – कोरियर से ड्रग्स रिसीव
रैपिडो राइडर्स – ग्राहकों तक “डेड ड्रॉप” के जरिए सप्लाई  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com